चंडीगढ़ , जुलाई 28 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस बल की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला तथा आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का खुलासा खुद सत्तारूढ़ दल के राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के बयान से हो गया है। श्री रंधावा ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि संत सीचेवाल को अपनी सुरक्षा वापस लेकर उन पुलिस कर्मियों को थानों में तैनात करने की अपील करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि सीचेवाल स्वयं यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनके क्षेत्र के पुलिस थानों में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं है। यदि सत्ताधारी दल के सांसद भी पुलिस कर्मियों की कमी की बात कह रहे हैं तो यह पंजाब सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों के कारण कानून-व्यवस्था पहले ही गंभीर संकट से गुजर रही है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने "दिल्ली के आकाओं" को खुश करने के लिए पंजाब पुलिस के बड़ी संख्या में जवानों को दिल्ली में तैनात कर रखा है, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कमी के कारण अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। जनता की सुरक्षा किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार राजनीतिक प्राथमिकताओं में उलझकर प्रदेश की सुरक्षा से समझौता कर रही है।

श्री रंधावा ने मांग की कि पंजाब सरकार तत्काल राज्य के सभी पुलिस थानों में पुलिस कर्मियों की कमी दूर करे, पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराये तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखायी तो इसके गंभीर परिणाम पूरे प्रदेश को भुगतने पड़ सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित