चंडीगढ़ , सितंबर 1 -- पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को कहा कि अगस्त 2026 में राज्य के शुद्ध जीएसटी राजस्व में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।

उन्होंने कहा कि राज्य की एसजीएसटी नकद वसूली में 18.77 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो प्रमुख राज्यों में सबसे अधिक है।

श्री चीमा ने बताया कि अगस्त 2026 में पंजाब का शुद्ध जीएसटी राजस्व 2,406.33 करोड़ रुपये रहा, जबकि अगस्त 2025 में यह 2,151.63 करोड़ रुपये था। इस तरह राजस्व में 254.70 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि एसजीएसटी की नकद वसूली 750.37 करोड़ रुपये से बढ़कर 891.24 करोड़ रुपये हो गई, जो 140.87 करोड़ रुपये यानी 18.77 प्रतिशत की वृद्धि है।

वित्त मंत्री के अनुसार, अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान पंजाब का कुल जीएसटी राजस्व 12,861.42 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 10,971.62 करोड़ रुपये था। इस तरह कुल राजस्व में 1,889.80 करोड़ रुपये यानी 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। साझा वसूली भी 15.74 प्रतिशत बढ़ी है।

श्री चीमा ने कहा कि राज्य सरकार ने कर चोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को मंडी गोबिंदगढ़ में जीएसटी चोरी के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत तीन मामले दर्ज किये गये। उन्होंने कहा कि स्टेट जीएसटी मोबाइल विंग ने एक संदिग्ध फर्जी रिफंड नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गयी और करीब 18 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज किये गये। इसके अलावा सत्यापन होने तक करीब पांच करोड़ रुपये के रिफंड दावों को रोक दिया गया है।

उन्होंने कहा कि जांच में फर्जी खरीद, इनपुट टैक्स क्रेडिट के दुरुपयोग और सरकारी खजाने से फर्जी रिफंड हासिल करने के प्रयासों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी बिलिंग, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट या धोखाधड़ी वाले रिफंड नेटवर्क चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में जीएसटी राजस्व में वृद्धि ईमानदार करदाताओं के बढ़ते भरोसे, आर्थिक गतिविधियों और तकनीक आधारित कर प्रशासन को दर्शाती है। अतिरिक्त राजस्व से सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों के लिए राज्य की वित्तीय क्षमता मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित