पटियाला , अक्टूबर 26 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पटियाला में 100 नयी मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि इन बसों से ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से जोड़ने, विद्यार्थियों की आवाजाही आसान बनाने और रोजगार तथाशिक्षा तक पहुंच बेहतर करने में मदद मिलेगी।

श्री मान ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में गांवों से शहरों तक बस सेवाएं बंद कर दी गई थीं, जिससे ग्रामीणों को कामकाज, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब के हर गांव तक बस सेवा पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 सीटों वाली ये 100 मिनी बसें पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) के नौ डिपो के माध्यम से ग्रामीण और छोटे शहरों के मार्गों पर चलाई जाएंगी। इन बसों का आवंटन पटियाला, बठिंडा, चंडीगढ़, संगरूर, बरनाला, बुढलाडा, कपूरथला, फरीदकोट और लुधियाना डिपो को किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले महीने परिवहन बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल की जाएंगी। पंजाब में करीब 3,000 निजी मिनी बसें भी गांवों, कस्बों और शहरों को जोड़ रही हैं।श्री मान के अनुसार, नयी मिनी बसों के संचालन से लगभग 150 चालकों और परिचालकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर परिवहन विभाग में नियुक्ति के लिए 15 युवाओं को प्रस्ताव पत्र भी सौंपे गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, कामगारों को रोजगार स्थलों तक जाने और ग्रामीणों को बाजारों तथा जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दूर-दराज के गांवों तक भी पहुंचना चाहिए।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित