श्रीगंगानगर , मार्च 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने पंजाब के कुख्यात रॉकी गिरोह के सरगना गुरविंदरसिंह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उसके पास से एक 32 बोर की अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और कुल 14 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि गुरविंदर सिंह पंजाब में फाजिल्का जिले में 23 मार्च को हुई गोलीबारी की घटना का मुख्य आरोपी था। गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद वह मौके से फरार हो गया और उसने श्रीगंगानगर में शरण ले ली थी। यहां से वह कहीं और भागने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह अबोहर मार्ग से तीन पुली की ओर जाने वाले सम्पर्क मार्ग पर कहीं छिपा हुआ है।

इस पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई जहां गुरविंदरसिंह अपने किसी साथी के वाहन का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से 32 बोर की कंपनी मेड पिस्तौल मिली, जिसमें एक मैगजीन लगी हुई थी और उसमें छह कारतूस लोड थे। दूसरी मैगजीन अलग से बरामद हुई, जिसमें आठ कारतूस भरे हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित