चंडीगढ़ , सितंबर 02 -- पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठन और मीडिया रणनीति को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा द्वारा नियुक्त कांग्रेस की केंद्रीय मीडिया टीम बुधवार को चंडीगढ़ पहुंची और पंजाब कांग्रेस भवन में विस्तृत प्रेस वार्ता की।

इससे पहले केंद्रीय टीम ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ रणनीतिक बैठक की। राजा वड़िंग ने केंद्रीय टीम का स्वागत करते हुए प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर उसे पूर्ण संगठनात्मक, जमीनी और लॉजिस्टिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

केंद्रीय समन्वयकों ने बताया कि पंजाब के 23 प्रशासनिक जिलों में स्थित 29 राजनीतिक जिला समितियों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में टीम के सदस्यों के बीच बांटा गया है। विंग कमांडर अनूमा आचार्य को माझा, ईशान त्यागी को दोआबा तथा 19 जिलों वाले मालवा क्षेत्र को मालवा-1 और मालवा-2 में बांटकर क्रमशः हरनाम सिंह और विक्रम लोहिया को जिम्मेदारी दी गयी है। टीम स्थानीय पदाधिकारियों के साथ प्रदेशभर का दौरा कर बूथ स्तर तक पार्टी के संदेश और रणनीति को मजबूत करेगी।

विंग कमांडर अनूमा आचार्य ने पंजाब से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने करीब ढाई महीने पंजाब में बिताए थे। उन्होंने पंजाब के मीडिया को जागरूक और निष्पक्ष बताते हुए जनहित के वास्तविक मुद्दों और तथ्यों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय 'नेशनल टैलेंट हंट' अभियान के माध्यम से युवा प्रवक्ताओं की नयी टीम तैयार की गयी है। ये युवा सार्वजनिक भाषण, लेखन और वैचारिक स्पष्टता के आधार पर चयनित किए गए हैं और पंजाब में जिला समितियों, ब्लॉक इकाइयों, मौजूदा एवं पूर्व विधायकों तथा स्थानीय मीडिया के साथ मिलकर काम करेंगे।

केंद्रीय टीम ने लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की मीडिया रणनीति पारंपरिक माध्यमों से आगे बढ़कर जिला स्तर के केबल नेटवर्क, क्षेत्रीय डिजिटल संवाददाताओं और स्वतंत्र यूट्यूब क्रिएटर्स तक पहुंचेगी, ताकि स्थानीय मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।

पार्टी में गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान टिकट के लिए अलग-अलग दावेदार और विचार सामने आना सक्रिय लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है। टिकट का फैसला किसी एक नेता, चाहे वह राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी या प्रताप सिंह बाजवा हों, द्वारा नहीं किया जाता, बल्कि कांग्रेस हाईकमान की संस्थागत और निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बारे में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दिल्ली में छात्र आंदोलनों में उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी और संसद मार्ग थाने के बाहर जवाबदेही की मांग को लेकर धरने के कारण कार्यक्रम में मामूली बदलाव हुआ। उन्होंने कहा कि अभियान की रूपरेखा तैयार है और राहुल गांधी अगले सात से 10 दिनों के भीतर पंजाब का दौरा करेंगे। इसके बाद राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल सहित वरिष्ठ नेता एक मंचसे चुनाव प्रचार करेंगे।

आप सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब और दिल्ली में सरकारें जनता के कर के पैसे का इस्तेमाल लगातार विज्ञापनों और पीआर गतिविधियों पर कर रही हैं, जबकि स्कूलों, अस्पतालों, बुनियादी ढांचे, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्थिति खराब हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से पंजाब के प्रमुख मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की अपील की। उन्होंने नशे की समस्या, किसानों की स्थिति और बेरोजगारी को प्रमुख मुद्दे बताते हुए कहा कि मीडिया को राजनीतिक चर्चाओं के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक सवालों पर सरकार की जवाबदेही तय करनी चाहिए।

श्री खेड़ा द्वारा नियुक्त केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक हरि शंकर गुप्ता, विंग कमांडर अनूमा आचार्य, ईशान त्यागी, हरनाम सिंह और विक्रम लोहिया तथा पंजाब कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अर्शप्रीत खडियाल शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित