चंडीगढ़ , जून 02 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस दावे पर सवाल उठाया है, जिसमें उन्होंने पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में सुधार का श्रेय अपनी सरकार को दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किये गये एक संदेश में श्री रंधावा ने कहा कि वर्ष 2019-20 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान ही पंजाब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश का नंबर एक राज्य बन चुका था। उन्होंने कहा कि उस समय दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी की सरकार थी, लेकिन शिक्षा के प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पंजाब से पीछे थी।
श्री रंधावा ने दावा किया कि वर्ष 2021-22 में भी पंजाब ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी। उनके अनुसार, पंजाब ने 647.4 अंकों के साथ लगातार तीसरे वर्ष देश में दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि 659 अंकों के साथ चंडीगढ़ शीर्ष पर रहा।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की नींव कांग्रेस सरकार के समय ही रखी गयी थी। उन्होंने श्री केजरीवाल को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक प्रचार के बजाय तथ्यों पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने लिखा, " श्री अरविंद केजरीवाल, तथ्य बोलते हैं, प्रचार नहीं। "कांग्रेस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब आम आदमी पार्टी पंजाब में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किये गये कार्यों को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रचारित कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि पंजाब की मजबूत शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद उसके शासनकाल में रखी गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित