खन्ना (लुधियाना) , अक्टूबर 07 -- पंजाब की अनाज मंडियों में अब तक 8.50 लाख टन धान की आवक हुई है, जिसमें से सरकारी खरीद एजेंसियों ने 7.50 लाख टन धान की खरीद कर ली है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बुधवार को जगरांव अनाज मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लेने के दौरान बताया कि खरीफ विपणन सत्र 2026-27 में 180 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है और किसानों की फसल 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने खरीद केलिए 42,786.68 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा जारी कर दी है और किसानों को खरीद के 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है। मंडियों में बारदाना भी उपलब्ध है।

श्री कटारूचक्क ने कहा कि सरकार फसल का एक-एक दाना खरीदेगी और दूसरे राज्यों से पंजाब की मंडियों में धान लानेकी अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परिवहन, भुगतान, बारदाने और उठान में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से मंडियों में सूखा और साफ धान लाने की अपील करते हुए कहा कि इससे खरीद में अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा।

पराली प्रबंधन पर मंत्री ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील की और कहा कि पानी, हवा और जमीन को प्रदूषण से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जगरांव मंडी में किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित