फगवाड़ा , अक्टूबर 05 -- लोकसभा सदस्य डॉ राज कुमार चब्बेवाल और कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने सोमवार को फगवाड़ा अनाज मंडी का निरीक्षण कर धान खरीद, उठान और किसानों को भुगतान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्री चब्बेवाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना समय पर खरीदने और उन्हें मंडियों में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को खरीद और उठान प्रक्रिया में तेजी बनाये रखनेके निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि चार अक्टूबर तक पंजाब की मंडियों में 3,83,116.68 टन धान की आवक हुई, जिसमें से 3,41,081.32 टन की खरीद की जा चुकी है। किसानों को अब तक 188.09 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उपायुक्त बंसल ने बताया कि कपूरथला जिले की मंडियों में चार अक्टूबर तक 42,289.99 टन धान पहुंचा, जिसमें से 40,677.79 टन की खरीद हो चुकी है। किसानों को 43.96 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि खरीदेगये धान के तत्काल उठान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मंडियों में पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। उन्होंने किसानों से17 प्रतिशत या उससे कम नमी वाला अच्छी तरह सूखा और पका धान मंडियों में लाने की अपील की, ताकि खरीद और उठान प्रक्रिया सुचारु रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित