जयपुर , जुलाई 11 -- राजस्थान में नशीले पदार्थ निरोधी कार्य बल (एएनटीएफ) ने पंजाब के कुख्यात 'डोडा किंग' और राजस्थान-पंजाब तस्करी के मुख्य सूत्रधार बलदेव उर्फ पम्मु उर्फ गोरा बाजीगर को कोटा ग्रामीण के चेचट थाना क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया है।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने शनिवार को बताया कि कोटपुतली-बहरोड़ जिला पुलिस द्वारा पिछले तीन वर्ष से वांछित इस 25 हजार रुपये के शातिर इनामी तस्कर की कार से 84 किलो अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार जब्त की गयी है।
श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बलदेव बाजीगर (46) निवासी पटियाला, पंजाब महज पांचवीं पास है। शुरुआत में वह मजदूरी करता था, लेकिन ऐशो-आराम की चाहत में वर्ष 2017 में तस्करों के नेटवर्क में आ गया। वह पंजाब-हरियाणा की फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर कंबाइन लेकर राजस्थान-मध्यप्रदेश आता था। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ के तस्करों से संपर्क करके उसने खुद का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
उन्होंने बताया कि वह राजस्थान- मध्यप्रदेश से सस्ते दामों में डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब-हरियाणा में ऊंचे दामों पर बेचता था। धीरे-धीरे वह इतना बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया कि पंजाब के तस्करी गलियारों में उसे 'डोडा किंग' कहा जाने लगा। वर्ष 2023 में कोटपुतली-बहरोड़ पुलिस की नाकाबंदी के दौरान बलदेव गाड़ी छोड़कर भाग निकला था, जबकि उसका चालक और डोडा पोस्त पकड़े गए थे। तब से वह फरार था।
श्री कुमार ने बताया कि फरारी के दौरान भी उसने धंधा नहीं रोका; वह हर महीने राजस्थान-मध्य प्रदेश के आठ चक्कर लगाता था और हर ट्रिप में 80-90 किलो डोडा पोस्त पंजाब ले जाता था। बलदेव पुलिस से बचने के लिए बेहद शातिर हथकंडे अपनाता था। वह जब भी माल लेने राजस्थान या मध्य प्रदेश आता था तो हर बार नयी गाड़ी लेकर आता ताकि पुलिस उसका नंबर की पहचान न कर सके। मुखबिरी से बचने के लिए वह हर बार अपने साथ नया तस्कर साथी लाता था। उसका वाहेगुरुजी पर अटूट विश्वास था और वह जब भी माल लेने आता, रास्ते में कोटा के बड़गांव स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेककर पुलिस से बचाने और काम में सफल होने की मन्नत मांगता था। पिछले महीने उसने इसी शातिरपने से एएनटीएफ को विराटनगर में चकमा दे दिया था।
विराटनगर की नाकामी के बाद एएनटीएफ का जयपुर दल इस इनामी तस्कर के पीछे हाथ धोकर पड़ गया था। दल को खुफिया जानकारी मिली कि बलदेव जब भी माल लेने जाता है, रावतभाटा के एक दोस्त को साथ रखता है।
मध्य प्रदेश से कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरकर बलदेव मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते राजस्थान होते हुए पंजाब के लिए रवाना हुआ, तभी एएनटीएफ की गाड़ियों ने उसका लम्बा पीछा करके उसे दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित