नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- पंजाब कांग्रेस के बाद अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर उसकी नाकामी पर सवाल उठाने वालों को धमकाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए गुलजार सिंह को न्याय दिलाने की मांग की है।
श्री गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले दलित समुदाय के गुलजार सिंह ने राज्य के वित्त मंत्री से केवल यह सवाल पूछा था कि सरकार नशे के कारोबार को रोकने में इतनी बुरी तरह क्यों नाकाम हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस सवाल पर गुलजार सिंह को प्रताड़ित और अपमानित किया गया तथा माफी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उन्होंने जहर खा लिया। अस्पतालों में इलाज के लिए भटकने के बाद आखिरकार उनकी मौत हो गई।
श्री गांधी ने कहा कि उन्होंने पिछले सप्ताह एक युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की थी, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया। उनका कहना था कि सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं।
उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार को जल्द से जल्द न्याय देने, मुख्यमंत्री भगवंत मान से तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लेने तथा मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने जांच की प्राथमिकी में वित्त मंत्री का नाम दर्ज करने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित