चंडीगढ़ , जून 27 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है और सरकार की अनियंत्रित उधारी राज्य के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन गयी है। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल से जून के बीच राज्य सरकार ने लगभग 7,800 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया है, जिससे पंजाब पर कुल कर्ज का बोझ करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जीत लाल भट्टी के भाजपा में शामिल होने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के लोगों का भाजपा पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है और राज्य की जनता भाजपा को एक मजबूत एवं विश्वसनीय विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने बताया कि शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की 187वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब भाजपा की सभी 117 विधानसभा सीटों पर प्रत्येक क्षेत्र में तीन से चार छबील लगाएगी। उन्होंने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह ने जात-पात से ऊपर उठकर न्यायपूर्ण, समावेशी और जनकल्याणकारी शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया था। भाजपा 2027 में उसी सुशासन, विकास और भाईचारे की भावना पर आधारित नया पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हजूर साहिब अधिनियम के प्रस्तावित मसौदे पर बोलते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि सिख समुदाय की भावनाओं को देखते हुए उन्होंने तत्काल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत की। उनके अनुसार महाराष्ट्र सरकार ने सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित कानून की दोबारा समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए महाराष्ट्र सरकार और वरिष्ठ मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का आभार भी व्यक्त किया।
श्री ढिल्लों ने कहा कि यदि समय रहते बढ़ते कर्ज पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित