चंडीगढ़ , मई 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाबियों से अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार बंगाल की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है, उसी तरह पंजाब के लोगों को भी भाजपा को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहिए, ताकि सीमावर्ती राज्य को राष्ट्रविरोधी ताकतों से बचाया जा सके।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री चुघ ने कहा कि पंजाब इस समय एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है और राज्य को गैंगस्टरों, माफियाओं तथा भ्रष्ट तंत्र से मुक्त कराने के लिए बड़े राजनीतिक परिवर्तन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन ताकतों ने पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल दिया है।

श्री चुघ ने कहा कि केवल 'डबल इंजन सरकार' ही पंजाब की खोई हुई पहचान, विकास और सुरक्षा को पुनर्स्थापित कर सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार बनने से पंजाब को नयी दिशा और मजबूती मिलेगी। पश्चिम बंगाल में भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए चुघ ने कहा कि पंजाब की जनता भी ऐसी सरकार की हकदार है, जो 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र पर कार्य करे। उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो राज्य को नशा मुक्त, गैंगस्टर मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और भय मुक्त बनाये।

श्री चुघ ने कहा कि संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क को समाप्त कर पारदर्शी शासन व्यवस्था तथा मजबूत कानून व्यवस्था स्थापित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और भारत को आतंकवाद एवं नक्सलवाद से मुक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा शासित हरियाणा सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है, जो किसानों के हितों की रक्षा के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित