अमृतसर , जून 03 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने बुधवार को रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से पंजाब और उत्तराखंड के बीच रेल सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की।

प्राे. चावला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अमृतसर से जलपाईगुड़ी के लिए सुविधाजनक और कम किराये वाली ट्रेन सेवा शुरू करना सराहनीय कदम है लेकिन पंजाब से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अमृतसर-हरिद्वार रेल सेवा शुरू करवाई गई थी, जो सुबह अमृतसर से रवाना होकर दोपहर बाद हरिद्वार से वापस आती है। हालांकि हरिद्वार से सुबह चलकर दोपहर तक अमृतसर पहुंचने वाली कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसके कारण यात्रियों को पूरा दिन यात्रा में बिताना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस प्रकार सुबह अमृतसर से हरिद्वार के लिए ट्रेन संचालित होती है, उसी प्रकार हरिद्वार से भी सुबह अमृतसर के लिए ट्रेन चलाई जानी चाहिए। इससे पंजाब के उन हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी जो हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा करते हैं।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने खेद जताते हुए कहा कि अब तक पंजाब के सांसदों और मंत्रियों ने अमृतसर-हरिद्वार रेल यात्रा को अधिक सुगम बनाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए हैं। उन्होंने रेल राज्य मंत्री बिट्टू से आग्रह किया कि पंजाब के लोगों की इस महत्वपूर्ण मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए और अमृतसर-हरिद्वार मार्ग पर वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं तलाश कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित