अलवर , फरवरी 25 -- राजस्थान में अलवर में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो मार्च को पंच गौरव कार्यक्रम के तहत पुरजन विहार (कम्पनी बाग) में दोपहर दो बजे से पलाश उत्सव का आयोजन किया जायेगा।
पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव ने बुधवार को बताया कि जिले में पंच गौरव पर्यटक स्थल के रूप में सरिस्का को शामिल किया गया था। सरिस्का के वन्य जीवों और विविधता में जीवों के साथ पेड़-पौधों का भी महत्व है। सरिस्का के पंच गौरव के रूप में प्रचार- प्रसार, पलाश सहित अन्य विशेषताओं को प्रदर्शित करने के लिए होली के अवसर पर पलाश उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान वन विभाग द्वारा पलाश से निर्मित प्राकृतिक रंगों की स्टॉल, फोटो प्रदर्शनी, लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बृज का प्रसिद्ध मयूर नृत्य और फूलों की होली, कोटा-बूंदी का सहरिया नृत्य, बाड़मेर-जैसलमेर से लंगा- मांगनियार ग्रुप और स्थानीय कलाकारों द्वारा भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित