अलवर , अक्टूबर 11 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस में टिकट वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और इस बार युवाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

श्री सिंह ने रविवार को राजस्थान में अलवर में कहा कि पिछले 15-20 दिनों से पार्टी के पर्यवेक्षक प्रत्येक वार्ड में जाकर जमीनी स्तर पर जनता और मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं, नेता प्रतिपक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में टिकट वितरण की रूपरेखा पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता जनता की पसंद और जमीनी जानकारी के आधार पर उम्मीदवारों का चयन करना है।

उन्होंने दिल्ली में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि अलवर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोग इसमें शामिल होंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इसके खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित