जयपुर , अक्टूबर 09 -- राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के प्रथम चरण में नामांकन के दूसरे दिन तक 54 उम्मीदवारों ने अपने 57 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार जिला परिषद सदस्यों के लिए 15 प्रत्याशियों ने 16 जबकि पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों ने अपने 41 नामांकन पत्र भरे। पहले चरण में हो रहे 16 जिला परिषदों के चुनाव में नामांकन के पहले दो दिन में छह जिला परिषदों में 15 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे जिनमें दूसरे दिन जयपुर में तीन, जोधपुर में दो, बाड़मेर, भीलवाड़ा,एवं कोटा में एक-एक प्रत्याशी ने अपने एक-एक नामांकन पत्र भरे।
इससे पहले नामांकन के पहले दिन आठ अक्टूबर को भीलवाड़ा में तीन, जयपुर में दो,जोधपुर एवं फलौदी में एक-एक उम्मीदवार ने अपने पर्चे दाखिल किए। इस दौरान फलौदी जिला परिषद में एक उम्मीदवार ने अपने दो नामांकन पत्र भरे।
इसी तरह पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन के दूसरे दिन 33 उम्मीदवारों ने अपने 34 नामांकन पत्र दाखिल किए जबकि इससे पहले आठ अक्टूबर को छह प्रत्याशियों ने सात नामांकन पत्र भरे।
इस प्रकार जिला परिषद एवं पंचायत समिति दोनों को मिलाकर नामांकन के दूसरे दिन तक 54 प्रत्याशियों ने अपने 57 नामांकन पत्र भरे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित