लखनऊ , जनवरी 27 -- ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की है कि यदि किसी कारणवश ग्राम पंचायत चुनावों की तिथि आगे बढ़ाई जाती है, तो राजस्थान सरकार की तर्ज पर वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि यदि राज्य सरकार समय पर पंचायत चुनाव कराती है, तो संगठन इसका स्वागत करेगा। लेकिन अपरिहार्य परिस्थितियों में चुनाव टलने की स्थिति में ग्राम स्तर पर विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था आवश्यक है।

कौशल किशोर पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों के माध्यम से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। यदि प्रशासकीय व्यवस्था में रिक्तता आती है, तो ग्रामीण विकास प्रभावित हो सकता है। ऐसे में मौजूदा ग्राम प्रधानों को अस्थायी प्रशासक बनाए जाने से गांवों में चल रहे विकास कार्य बाधित नहीं होंगे और जनता को आवश्यक सेवाएं मिलती रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित