जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत दूसरे चरण में बुधवार 22 जिलाें में जिला परिषद सदस्यों के लिए 65 प्रतिशत से अधिक एवं 124 पंचायत समितियों में सदस्यों के चुनाव में 64 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय शाम छह बजे तक जिला परिषद के लिए 65.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में इस दौरान 64.32 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। इस दौरान जिला परिषदों में सर्वाधिक मतदान बांसवाड़ा जिला परिषद में 76.56 प्रतिशत एवं सबसे कम 52.45 प्रतिशत जालोर जिला परिषद में रहा। इसी तरह पंचायत समितियों में बाड़मेर जिले की बाटाडू पंचायत समिति के लिए सर्वाधिक 78.30 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि पाली जिले में देसूरी पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में सबसे कम 49.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के अभी अंतिम आंकड़े आना शेष हैं और शाम छह बजे तक प्राप्त आंकडों में 22 जिला परिषदों में अजमेर जिला परिषद में 64.37, अलवर में 68.25, बांसवाड़ा में 76.56, बाड़मेर में 72.08, भीलवाड़ा में 61.26 , बीकानेर में 66.63, दौसा में 67.38, डूंगरपुर में 56.14, जयपुर में 68.35, जालोर में 52.45, झालावाड़ में 67.66, झुंझुनूं में 66.69 , जोधपुर में 68.82, करौली 61.91, कोटा में 71.65, कोटपुतली-बहरोड़ 69.46, नागौर में 67.72, पाली में 52.52, राजसमंद में 60.09, सीकर में 62.42, सिरोही में 59.55 एवं उदयपुर में 67.14 प्रतिशत मतदान हुआ।

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव में 22 जिला परिषदों के 352 वार्डों में 1086 उम्मीदवारों ने अपना चुनावी भाग्य आजमाया जबकि 124 पंचायत समितियों के 2197 वार्डों में हुए चुनाव में 7318 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। अब इन सभी उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य इलेकट्रोनिक वोटिंग मशीन में बंद हो गया जो अगले महीने 20 नवंबर को मतगणना में खुलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित