जयपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत दूसरे चरण में 22 जिलाें में जिला परिषद एवं 124 पंचायत समितियों में सदस्यों के चुनाव के लिए बुधवार तथा 3626 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच चुनाव में शुक्रवार को मतदान कराया जायेगा जिसमें एक करोड़ छह लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 22 जिलों में 352 वार्डों में जिला परिषद सदस्य के लिए बुधवार को मतदान होगा। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक कराया जायेगा। अजमेर जिला परिषद में 18, , अलवर में 20, बांसवाड़ा में 11, बाड़मेर में 13, भीलवाड़ा में 17 , बीकानेर में 12, दौसा में 13, डूंगरपुर में 17, जयपुर में 11, जालोर में 23, झालावाड़ में 17, झुंझुनूं में 16 , जोधपुर में 34, करौली 10, कोटा में 6, कोटपुतली-बहरोड़ 16, नागौर में 16, पाली में 15, राजसमंद में 16, सीकर में 23, सिरोही में 14 एवं उदयपुर में 14 वार्डों में चुनाव मतदान होगा जहां 1086 प्रत्याशी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
इन जिलों की 124 पंचायत समितियों के 2197 सदस्यों के चुनाव के लिए बुधवार को मतदान होगा जहां 7318 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं। इसके बाद 30 अक्टूबर को 3626 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के चुनाव होंगे जहां 33 हजार 804 वार्ड हैं। इन ग्राम पंचायतों में सरपंच के चुनाव के अगले दिन 31 अक्टूबर को उपसरपंच के चुनाव होंगे। इन जिलों में मतदान के लिए कुल 11 हजार 799 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जहां एक करोड़ छह लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 55 लाख 19 हजार 336 पुरुष मतदाता एवं 51 लाख 36 हजार 744 महिला मतदाता और 47 अन्य मतदाता शामिल हैं। इनमें जोधपुर जिले में सर्वाधिक दस लाख 77 हजार 600 मतदाता हैं जबकि कोटा जिले में सबसे कम एक लाख 47 हजार 431 मतदाता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित