जयपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में तृतीय चरण के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन के दूसरे दिन 71 नामांकन पत्र दाखिल किये गये।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को पांच पंचायत समितियों में 66 प्रत्याशियों ने अपने 71 नामांकन पत्र भरे।

तृतीय चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी एवं सांगानेर पंचायत समितियों के कुल 77 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्वाचन होना है। नामांकन के दूसरे दिन चाकसू एवं कोटखावदा में 23-23, फागी में 15, सांगानेर में छह तथा माधोराजपुरा में चार नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इन नामांकन पत्रों के माध्यम से चाकसू में 22, कोटखावदा में 21, फागी में 13, सांगानेर में 6 तथा माधोराजपुरा में चार उम्मीदवारों ने नामांकन किया।

उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन चाकसू में दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इस प्रकार दोनों दिनों में अब तक 68 उम्मीदवारों ने अपने 73 नामांकन पत्र दाखिल किए।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है जबकि नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 26 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे तथा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। तृतीय चरण के लिए मतदान दल दो नवंबर को रवाना होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए तीन नवंबर को प्रातः सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए चार नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी जबकि पांच नवंबर को मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव छह नवंबर को होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित