बारां , अक्टूबर 03 -- राजस्थान के बारां में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का पंचायत चुनाव में निजी हित से हटकर एकजुट होने का आह्वान किया है।

सुश्री पाटीदार शुक्रवार को पंचायत राज चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला स्तरीय बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने सभी जिला प्रमुख एवं सभी पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि भाजपा विचार और सिद्धांतों पर आधारित संगठन है और कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। पाटीदार ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए काम करें।

संगठन संभाग प्रभारी अल्का मुंदड़ा ने कहा कि पंचायत राज चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है। उन्होंने जिला प्रमुख के साथ जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की शक्ति के दम पर पंचायत चुनाव में भाजपा को मजबूत स्थिति में लाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।

विधायक राधेश्याम बैरवा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश प्रवक्ता शिवांगी सिकरवार, जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय, अजीत सिंह माथनी, सह प्रभारी गौरव शर्मा, वरिष्ठ नेता रामस्वरूप यादव, यशभानु जैन, प्रेमनारायण सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित