पटना , जून 14 -- ्राम और नगर पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविर के तर्ज पर ही अब राज्य के सभी 534 प्रखंडों में भी सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दिशा में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र लिखा है। इस पत्र में कहा गया है कि ग्राम और नगर पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर नियमित रूप से जारी रहेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से 16 जून से 18 जून तक प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने पत्र में शिविर में आने वाली जनता की सहूलियत में आवश्यक सभी सुविधाओं को लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक दिन शिविर की समाप्ति पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उसी दिन शाम सात बजे तक गुगल फार्म के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करेंगे।
मुख्य सचिव के पत्र को गंभीरता से लेते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेन्दर ने भी जिला पदाधिकारियों को पत्र भेजा है। 13 जून को जारी इस पत्र में कहा गया है कि 16 जून को पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविर के साथ-साथ प्रखंड सहयोग- सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रासंगिक पत्र में निर्देशित व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन भी समानांतर रूप से होगा।
गौरतलब है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में लोगों की समस्यों का समाधान करने के लिए पिछले महीने से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर का ग्राम पंचायत स्तर पर पहला आयोजन 19 मई को किया गया था। इसके करीब एक सप्ताह बाद नगर पंचायत स्तर पर भी सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित