जयपुर , अगस्त 01 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी को आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार बताते हुए कहा है कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारियां तय कर दी गयी हैं।
श्री राठौड़ ने शनिवार को अपने बयान में दावा किया कि भाजपा चुनाव में शानदार सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि अब तक हुए उपचुनावों में भाजपा ने 80 प्रतिशत से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। इतना ही नहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र में हुए निकाय उपचुनाव में भी भाजपा को सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं निकाय चुनाव स्थानीय आवश्यकताओं और जनता की अपेक्षाओं पर आधारित होते हैं। भाजपा स्थानीय विकास को प्राथमिकता देते हुए आगामी कार्यकाल में पंचायतों और निकायों के लिए अपने विकास का रोडमैप जनता के सामने रखेगी।
श्री राठौड़ ने कांग्रेस में चल रहे अंतर्कलह पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डोटासरा और गहलोत का विवाद कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है, लेकिन यह स्पष्ट है कि कांग्रेस में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं बहुत बड़े स्तर पर बढ़ गयी हैं, जिन्हें रोक पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। यही कारण था कि पहले श्री सचिन पायलट को नकारा और निकम्मा तक कहा गया, जिससे पार्टी में विखंडन की स्थिति बनी और यही महत्वाकांक्षा आज भी दिखाई दे रही है। कांग्रेस में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का ही परिणाम है कि कोई झुकने को तैयार नहीं है। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जिस नेतृत्व के कंधे पर बैठकर प्रदेश अध्यक्ष बने, अब उसी को धक्का देने की तैयारी कर रहे हैं। यह भी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का ही उदाहरण है। गहलोत भले ही सफाई देते रहें, लेकिन सच्चाई सभी जानते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संगठन और कार्यकर्ताओं पर ध्यान देती है, जबकि कांग्रेस के नेता भाजपा की बजाय अपने ही दल के भीतर की राजनीति में उलझे हुए हैं। आज विपक्ष केवल आलोचना करने के लिए आलोचना करता है और जनता के मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं है। भाजपा सरकार विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने ईआरसीपी, यमुना जल परियोजना, नर्मदा से अतिरिक्त पानी की मांग, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, औद्योगिक विकास, रिफाइनरी परियोजना, रोजगार सृजन, रोडवेज की आर्थिक स्थिति में सुधार, पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जैसे कार्य प्राथमिकता से किये।
श्री राठौड़ ने विपक्ष की आलोचना पर कहा कि विपक्ष में होने के कारण वे आलोचना करते हैं। यदि विपक्ष भाजपा की प्रशंसा कर दे तो उनकी राजनीति की दुकान बंद हो जाएगी। कांग्रेस नेताओं में इस बात की होड़ लगी हुई है कि कौन ज्यादा बयान देकर अपने आकाओं को खुश करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित