रामगढ़ , अप्रैल 24 -- झारखंड में पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए रामगढ़ जिले ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत शुक्रवार को रांची स्थित खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में जिले को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और आम नागरिकों के समन्वित प्रयासों का भी प्रतिफल मानी जा रही है।
उपायुक्त ऋतुराज ने जिले को मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, समर्पण और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
इन श्रेणियों में चमका रामगढ़: उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में दुलमी पंचायत समिति प्रथम, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी में गोला पंचायत समिति प्रथम, श्रेष्ठ ग्राम सभा में पतरातू (कंडेर) 31वां व इचातु (दुलमी) 32वां स्थानस्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत में कोराम्बे (गोला) 17वां स्थान, उत्कृष्ट ग्राम पंचायत में बरियातू (गोला) को चौथा स्थान।
उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान जिले के हर उस व्यक्ति की मेहनत का नतीजा है, जिसने पंचायत स्तर पर विकास, स्वच्छता और सुशासन को मजबूती देने में योगदान दिया। उन्होंने सभी इकाइयों से अपील की कि वे इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगे भी कार्य करते रहें।
कार्यक्रम में राज्यभर से आए प्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां नवाचार, स्वच्छता, सुशासन और जनभागीदारी के उत्कृष्ट मॉडलों को सराहा गया। रामगढ़ की इस उपलब्धि ने जिले को विकास की दौड़ में एक नई पहचान दिलाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित