जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक एवं पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण ने हनुमान प्रसाद मीणा ने गुरुवार को किशनगढ़-रेनवाल एवं जोबनेर उपखण्ड क्षेत्रों का दौरा कर आगामी चुनावों की तैयारियों तथा कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
श्री नायक ने चौमू, किशनगढ़ रेनवाल तथा जोबनेर उपखण्ड क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण करने के साथ ही उपखण्ड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी चुनावों के दृष्टिगत स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, रैम्प एवं छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही निर्वाचन एवं कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी जोबनेर रमेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक वृत्त जोबनेर पन्नालाल जांगिड़, तहसीलदार जोबनेर गजेन्द्र सिंह एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति कैलाश चन्द बारहेठ तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण ने इन क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां भौतिक सुविधाएं, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान दलों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने तथा ईवीएम संग्रहण की समुचित व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए पर्याप्त प्रशासनिक एवं पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित