सोनीपत , जुलाई 16 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के गनौर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अस्पताल में भर्ती एक परिचित से मिलकर लौट रहे तीन दोस्त रास्ते में कार का पंचर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आये तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक घटना के बाद वाहन समेत फरार हो गया।
हादसा शान-ए-पंजाब ढाबे के पास हुआ। सूचना मिलते ही बारा थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिये, जबकि घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान फरीदाबाद निवासी सुनील और गनौर उपमंडल के शाहपुर तगा गांव निवासी मोहित के रूप में हुई है। घायल युवक उमेश का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक विवाहित थे और उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। मोहित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि सुनील खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन खराब होने या टायर बदलने की स्थिति में हैजर्ड लाइट, चेतावनी त्रिकोण और अन्य रिफ्लेक्टिव सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अवश्य करें, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित