चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के संदेश को हर घर तक पहुंचाना और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। यह विशेष अभियान 13 से 17 जुलाई तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पंचकूला के सेक्टर-20 बाजार में स्वयं सफाई अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने कचरा एकत्र कर उसके वैज्ञानिक निपटान का संदेश दिया तथा एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी को अपने घर, मोहल्ले, बाजार तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राज्यभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठन सक्रिय भागीदारी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का भी उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और जनस्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्वयं जहां भी जाएंगे, वहां कम से कम 100 पौधे लगाने का संकल्प दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित