पंचकूला , फरवरी 26 -- हरियाणा के पंचकूला जिले में एक कार जली हुई हालत में मिली है और उसके मालिक का पता नहीं चल सका है।
कार में आग लगी देख एक राहगीर ने डायल 112 की टीम को सूचना दी, लेकिन अभी तक वाहन का कोई मालिक सामने नहीं आया है। ग्रामीणों के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने कार को जानबूझकर आग लगायी है।
जानकारी के अनुसार, पंचकूला के पिंजौर क्षेत्र के प्रेमपुरा गांव के जंगल इलाके में सुबह एक कार में आग लगी हुई थी। आग की लपटें देखकर एक राहगीर ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहगीर ने घटना की जानकारी गांव के सरपंच को भी दी।
सुबह होने पर सरपंच पम्मी मौके पर पहुंचे और देखा कि कार जली हुई हालत में वहां खड़ी थी। कार को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह टैक्सी वाहन हो सकती है। संभवतः घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था।
पिंजौर थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि कार जलने की रिपोर्ट अभी तक किसी भी व्यक्ति ने दर्ज नहीं करवायी है। इस कारण फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि कार की जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि किसी आपराधिक वारदात में प्रयुक्त वाहन को यहां लाकर जलाया गया है तो उस पहलू से भी जांच की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित