पंचकूला , मई 06 -- हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत करीब 4400 कंप्यूटर टीचर और लैब सहायक अपनी मांगों को लेकर पंचकूला में शिक्षा सदन का घेराव किया। ये कर्मचारी जॉब सिक्योरिटी में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र प्योंत और महासचिव सुनील राणा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा अनियमित कर्मचारियों को 58 वर्ष तक नौकरी सुरक्षा देने की घोषणा केवल कागजों तक सीमित रह गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार के पोर्टल पर हजारों कर्मचारियों ने आवेदन किया, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण कंप्यूटर लैब अटेंडेंट का पंजीकरण ही नहीं किया गया, जिससे वे इस योजना से वंचित रह गये।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों से उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।

संघ नेताओं ने बताया कि चार साल पहले शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में कई मांगें मान ली गयी थीं, लेकिन अब तक उन्हें लागू नहीं किया गया। इनमें मातृत्व अवकाश, ईएसआई सुविधा, भविष्य निधि, वार्षिक छुट्टियां और सेवा नियम तय करने जैसी मांगें शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित