पंचकूला , जुलाई 28 -- हरियाणा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने मंगलवार को पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह हथियार पांच हजार रुपये में खरीदा था। अब पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरदौस आलम (41) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल मोहाली में रह रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा, सेक्टर-19 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सेक्टर-15 के खुले मैदान में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर प्रवीण मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।इसके बाद हरियाणा पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

आरोपी के खिलाफ सेक्टर-14 थाना, पंचकूला में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित