चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) की ओर से पंचकूला जोन के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए 14, 21 और 28 सितंबर को क्षेत्रीय उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की कार्यवाही पंचकूला में आयोजित की जाएगी।

निगम के प्रवक्ता ने बताया कि पंचकूला जोन के अंतर्गत कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर जिलों के उपभोक्ता अपनी शिकायतें फोरम के समक्ष रख सकेंगे। इनमें गलत बिजली बिल, बिजली शुल्क, मीटर की सुरक्षा, खराब मीटर और वोल्टेज से संबंधित शिकायतों का निवारण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निगम उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ता संतुष्टि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शिकायतों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित