चंडीगढ़ , जुलाई 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की चौथी उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को पंचकूला को हरियाणा का नंबर-1 शहर बनाने के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। करीब तीन घंटे चली बैठक में उन्होंने मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए सभी पार्कों में रिचार्ज कुएं बनाने और सिंचाई के लिए केवल उपचारित पानी के उपयोग पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला को झुग्गी-मुक्त शहर बनाने के लिए पात्र परिवारों हेतु बहुमंजिला आवास निर्माण के लिए भूमि जल्द चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता, सीवरेज, सड़क और पेयजल व्यवस्था की निगरानी करेगा, जबकि पीएमडीए सेक्टर विभाजित सड़कों और वर्षा जल निकासी कार्यों की जिम्मेदारी संभालेगा।
उन्होंने मानसून से पहले सीवर और नालों की सफाई, गुरुग्राम के लीजर वैली की तर्ज पर फाउंटेन पार्क विकसित करने, 14 प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण और शहरभर में एएनपीआर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। शूटिंग रेंज को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित