पंचकूला , अक्टूबर 31 -- हरियाणा के पंचकूला सरकारी स्कूल में के जी कक्षा की छात्रा पर तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा ईंट से हमला किए जाने के मामले में शनिवार को हंगामा हो गया। घटना से नाराज अभिभावकों ने स्कूल के बाहर एकत्र होकर प्रबंधन और प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी की।

अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई और अब मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद अन्य बच्चे भी डरे हुए हैं।

हंगामा बढ़ने पर स्कूल प्रशासन ने मुख्य गेट बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिभावकों को शांत कराने का प्रयास किया।

शुक्रवार को हुई इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि केजी की छात्रा को तीसरी कक्षा का एक छात्र बेरहमी से पीट रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ललित बत्रा भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने कहा कि आयोग इस घटना का गंभीरता से अध्ययन करेगा। साथ ही, स्कूलों में बच्चों के व्यवहार और मानसिकता का समय रहते आकलन करने के लिए विशेष व्यवस्था विकसित करने की सिफारिश सरकार से की जाएगी।

उधर, हरियाणा बाल अधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग की अध्यक्ष तृप्ति हरिपाल श्योराण ने पीजीआई पहुंचकर घायल बालिका का हाल जाना।

पीजीआई के डॉक्टरों के अनुसार, बालिका के चेहरे पर चोट आई है और उसकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस को पीड़ित बालिका के परिजनों की शिकायत मिल गई है। आरोपी छात्र नाबालिग है, इसलिए पुलिस ने डॉक्टरों और मनोवैज्ञानिकों से भी राय मांगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित