चंडीगढ़/पंचकूला , मार्च 26 -- हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवीएसीबी) ने वित्तीय अनियमितताओं के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटक महिन्द्र बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर दिलीप कुमार राघव को गिरफ्तार किया है। यह मामला पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित बैंक शाखा में नगर निगम पंचकूला की सावधि जमा रसीद (एफडीआर) और बैंक खातों में पाई गई अनियमितताओं से जुड़ा है।
ब्यूरो द्वारा थाना एसीबी, पंचकूला में 24 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के अनुसार, नगर निगम ने बैंक में लगभग 145 करोड़ रुपये की 16 एफडी जमा कराई थीं, जिनकी परिपक्वता राशि करीब 158 करोड़ रुपये थी लेकिन बैंक रिकॉर्ड और निगम के दस्तावेजों में गंभीर अंतर पाया गया। खातों में दर्शाई गई राशि अपेक्षा से काफी कम मिली, वहीं कुछ ऐसे अतिरिक्त खाते भी सामने आए जो निगम के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं थे।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अन्य संदिग्धों के साथ मिलकर एफडी से संबंधित भ्रामक और गलत रिपोर्ट्स भेजीं, जिससे रिकॉर्ड में गड़बड़ी पैदा हुई। इस आधार पर बैंक के अन्य अज्ञात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी जांच जारी है।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं 13(1)(a) और 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ब्यूरो प्रमुख ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित