वाराणसी , जून 17 -- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के मांडवी तालाब, मंडुआडीह में स्वच्छता अभियान चलाया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता कार्य किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत ही समृद्ध भारत की पहचान है और हर नागरिक को इसमें अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण भी किया गया। केंद्रीय मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भारत का संदेश देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की अलग पहचान बनी है। प्रधानमंत्री जी कहीं भी जाते हैं, सर्वाधिक देश उन्हें सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करते हैं।
अयोध्या मामले पर उन्होंने कहा कि एसआईटी गठित हो गई है, वह अपना काम कर रही है। रिपोर्ट आने दीजिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण में सभी की सहभागिता से ही स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। इस दौरान राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक नीलकंठ तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित