न्यू चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- पंजाब के मुल्लापुर न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मंगलवार शाम 7:30 बजे पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दर्शकों की एंट्री शाम 4:30 बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने दर्शकों की सुविधा के लिए आठ पार्किंग स्थल बनाए हैं, जिनमें तीन वीआईपी और पांच आम लोगों के लिए निर्धारित हैं।

अंक तालिका में पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है। टीम ने सात में से छह मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द रहा। वहीं, राजस्थान रॉयल्स आठ मैचों में पांच जीत के साथ चौथे स्थान पर है।

पंजाब किंग्स का टॉप ऑर्डर इस सीजन में शानदार फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह लगातार टीम को मजबूत शुरुआत दे रहे हैं, जिससे पावर प्ले में टीम को बढ़त मिल रही है।

टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में कूपर कोनोली और प्रियांश आर्य का प्रदर्शन खास रहा है। कूपर कोनोली अब तक 223 रन बना चुके हैं, जबकि प्रियांश आर्य ने 248.24 के स्ट्राइक रेट से 211 रन बनाए हैं।

दोनों टीमों के बीच आज का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित