मुंबई , जुलाई 25 -- बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के नाटक नकाब को अमेरिका दौरे के दौरान दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। न्यूयॉर्क में एक और हाउसफुल शो के बाद नवाजुद्दीन अपनी बेटी शोरा सिद्दीकी के साथ दौरे के अगले पड़ाव डलास के लिए रवाना हो गये हैं।
न्यूयॉर्क में सफल प्रस्तुति के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मंच से अपनी बेटी शोरा सिद्दीकी और नाटक की टीम के साथ खचाखच भरे सभागार की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "अमेरिका में हर जगह हाउस पैक्ड। आप सभी का धन्यवाद।"नाटक नकाब को अमेरिका के विभिन्न शहरों में दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। न्यूयॉर्क में आयोजित शो में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरे की विशेषता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी बेटी शोरा सिद्दीकी का एक साथ मंच पर नजर आना भी है। पिता-पुत्री की इस जोड़ी को उनकी प्रस्तुति और आपसी तालमेल के लिए दर्शकों की प्रशंसा मिल रही है।
दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिले उत्साहजनक स्वागत और स्टैंडिंग ओवेशन ने नाटक की लोकप्रियता को और मजबूत किया है। दर्शकों के प्रेम और समर्थन के लिए नवाजुद्दीन ने आभार व्यक्त किया है।
न्यूयॉर्क में सफल प्रस्तुति के बाद अब नकाब का अगला शो डलास में आयोजित किया जाएगा, जहां नवाजुद्दीन सिद्दीकी और शोरा सिद्दीकी दर्शकों के सामने अपनी प्रस्तुति देने के लिए तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित