मीरपुर , मई 02 -- जॉश क्लार्कसन (तीन विकेट), बेन सीयर्स और नेथन स्मिथ ( दो-दो विकेट) की अगुवाई गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद बेवन जैकब्स (नाबाद 62) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने शनिवार को वर्षा प्रभावित तीसरे टी-20 मुकाबले में बंगलादेश को (डीएलएस पद्धति से) 20 गेंदें शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। इसी जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।

103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने 11.4 ओवरों में चार विकेट पर 104 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने एक समय 33 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिये थे। के. क्लार्क (एक), डेन क्लीवर (एक) और टिम रॉबिनसन 14 गेंदों में (23) को शोरिफुल इस्लाम ने आउट किया। कप्तान निक केली (एक) को मेहदी हसन ने बोल्ड किया। ऐसे संकट के समय बेवन जैकब्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट की जोड़ी ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट लिए 71 रनों की मैच विजयी अविजित साझेदारी हुई। बेवन जैकब्स ने 31 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 62) रनों की पारी खेली। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित