वेलिंग्टन , मार्च 22 -- कॉनर एस्टरहाउजन (57) की अर्धशतकीय पारी और रूबिन हरमन (नाबाद 28) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेराल्ड कोएत्जी (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को चौथे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 19 रनों से हराया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। कॉनर एस्टरहाउजन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे टिक कर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। तीसरे ओवर में वियान मुल्डर ने के. क्लार्क (नौ) को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। छठें ओवर में गेराल्ड कोएत्जी ने टिम रॉबिनसन 22 गेंदों में (32) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दूसरी सफलता दिलाई। डेन क्लीवर 16 गेंदों में 26 रन बना कर आउट हुये। निक केली (19), कोल मैककोन्ची (10) और जॉश क्लार्कसन (10) रन बनाकर आउट हुये। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गेराल्ड कोएत्जी ने काइल जेमीसन (13) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी का 145 के स्कोर पर अंत कर दिया। न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी को तीन विकेट मिले। ऑटनील बार्टमैन, प्रीनेलान सुब्रायेन और केशव महाराज ने दो-दो विकेट लिये। वियान मुल्डर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित