मुम्बई , अक्टूबर 30 -- भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। वह अब भारत ए की टीम से जुड़ेंगे और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे और आखिरी चार दिवसीय मुकाबले में खेलेंगे। इस बीच, मोहम्मद सिराज भारत ए के लिए दूसरा चार दिवसीय मैच खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर जारी एक बयान में कहा गया है, "बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे प्रसिद्ध को मैच खेलने के लिए जरूरी कार्यभार उठाने की स्थिति में पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत होगी। वनडे सीरीज से हटने पर उन्हें मैच अभ्यास हासिल करने और टेस्ट सीरीज की तैयारी करने का मौका मिलेगा।"दो टेस्ट मैचों की सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी, जबकि वनडे मुकाबले 4 से 15 नवंबर तक खेले जाएंगे।

नीतीश कुमार रेड्डी चार नवंबर को होने वाले पहले वनडे के लिए टीम के साथ बने रहेंगे। इसके बाद वह 7 नवंबर से शुरू होने वाले आख़िरी चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए की टीम से जुड़ेंगे। बीसीसीआई के अनुसार इससे उन्हें टेस्ट सीरीज से पहले "मैच अभ्यास हासिल करने में मदद मिलेगी।"न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए की टीम इस प्रकार है:-यशस्वी जायसवाल, बी साई सुदर्शन, देवदत्त पड़िक्कल, यश राठौड़, आर स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार और कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:-शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, इशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए)।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित