लंदन , जून 22 -- इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के लिए बेन स्टोक्स और गस ऐटकिंसन को टीम में वापस बुलाया है। इंग्लैंड ने स्टोक्स और ऐटकिंसन के 15 सदस्यीय दल में लौटने के बाद सोनी बेकर, जेम्स रियू और हेनरी क्रोकॉम्बे को रिलीज कर दिया है। बेकर और रियू ने द ओवल में अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जहां इंग्लैंड को 253 रन से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे। बेकर ने 161 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि रियू ने भी 24 तथा 15 रन बनाए और विकेटकीपिंग में भी कठिनाई का सामना किया। टीम में जॉर्डन कॉक्स को बरकरार रखा गया है।
ब्रैंडन मक्कलम ने दूसरे टेस्ट के बाद पुष्टि कर दी थी कि स्टोक्स तीसरे टेस्ट में टीम की कप्तानी करने के लिए लौटेंगे। स्टोक्स और ऐटकिंसन को द ओवल टेस्ट के लिए चयन के योग्य नहीं माना गया था, क्योंकि लॉर्ड्स में पहले टेस्ट की जीत के बाद दोनों ने टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया था।
ईसीबी की जांच में अब यह निष्कर्ष निकला है कि स्टोक्स "इस घटना में शामिल नहीं थे" और "उन्होंने नाइटक्लब की घटना को देखा भी नहीं था", जबकि ऐटकिंसन "बिना किसी उकसावे के हुए हमलों के शिकार थे और उन्होंने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी"। अलग से क्रिकेट रेगुलेटर ने भी पाया कि दोनों खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ कोई मामला नहीं बनता।
ईसीबी के बयान में कहा गया, "नाइटक्लब में हुई हिंसक घटना के लिए खिलाड़ियों को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। स्टोक्स किसी भी झगड़े में शामिल नहीं थे और उन्होंने किसी घटना को देखा भी नहीं था। ईसीबी के पास मौजूद सबूत बताते हैं कि ऐटकिंसन बिना किसी उकसावे के हुए हमलों के शिकार थे और उन्होंने दोनों मौक़ों पर जवाबी प्रतिक्रिया नहीं दी।
निर्णायक तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का दल लगभग वही है, जो लॉर्ड्स टेस्ट के लिए था, बस रियू की जगह कॉक्स टीम में शामिल हैं। जेमी स्मिथ अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद पितृत्व अवकाश से लौट आए हैं, जबकि ऑली रॉबिंसन भी फिट हैं। द ओवल टेस्ट में पांच बदलाव करने के बाद इंग्लैंड नॉटिंघम में उन्हीं बदलावों को उलट सकता है। स्टोक्स ऑलराउंडर के रूप में टीम का संतुलन बनाएंगे, जबकि शोएब बशीर मुख्य स्पिनर की भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित