वेलिंग्टन , मार्च 30 -- कप्तान अमेलिया केर (नाबाद 179) की शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने बुधवार को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को दो गेंदें शेष रहते दो विकेट से हरा दिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली हैं।

347 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड शुरुआत अच्छी नहीं हुई उसने 21 के स्कोर पर सुजी बेट्स (आठ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिमर के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। 16वें ओवर में कायला रेनेके ने जॉर्जिया प्लिमर (23) को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने मैडी ग्रीन (13) और ब्रूक हेलिडे (14) के विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ बना ली। ऐसे संकट के समय इसाबेला गेज ने अमेलिया केर के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान अमेलिया केर ने अपना शतक पूरा किया। वहीं इसाबेला ने अर्धशतक बनाया। 38वें ओवर में एम क्लास ने इसाबेला गेज को आउट कर साझेदारी का अंत किया। इसाबेला गेज ने 48 गेंदों में 11 चौके लगाते हुए 68 रनों की पारी खेली। इजी शार्प (11), जेस केर (14) और रोजमेरी मेयर (दो) रन बनाकर आउट हुई। न्यूजीलैंड ने 49.2 ओवरों में आठ विकेट पर 350 रन बनाकर मुकाबला दो विकेट से अपने नाम कर लिया।

अमेलिया केर ने 139 गेंदों में 23 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 179 रनों की मैच विजयी पारी खेली।

दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिये। एम क्लास और कायला रेनेके को दो-दो विकेट मिले। सुने लूस ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 50 आवरों में छह विकेट पर 346 रनों का स्कोर बनाया। तेजमिन ब्रिट्स (नौ) का विकेट जल्द गिरने के बाद कप्तान लॉरा वुलफार्ट और अन्नेका बोश की जोड़ी ने पारी को संभाला तथा दूसरे विकेट लिए 132 रन जोड़ कर बड़े स्कोर की नींव रखी। 28वें ओवर में ब्री इलिंग ने लॉरा वुलफार्ट को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वुलफार्ट ने 74 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए 69 रन बनाये। 37वें ओवर में केली नाइट ने अन्नेका बोश को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। अन्नेका बोश ने 90 गेंद में 12 चौके लगाते हुए 91 रनों की पारी खेली। सुने लूस (40), सिनालो जाफ्टा (37) और नडीन डी क्लर्क (18) रन बनाकर आउट हुई। क्लोई ट्राइऑन ने 25 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 52 रनों पारी खेल कर न्यूजीलैंड़ के लिए 346 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित