ऑकलैंड , मार्च 20 -- साेफी डिवाइन ( दो विकेट/नाबाद 55) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने शुक्रवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में आठ गेंदें शेष रहते दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली हैं। सोफी डिवाइन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया।

150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने 18.4 ओवरों में चार विकेट पर 152 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर (चार) और इजाबेला गेज (17) के विकेट जल्द ही गंवा दिये थे। इसके बाद कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन की जोड़ी ने पारी को संभलाने का प्रयास किया। 10वें ओवर में नॉनकुलुलेको म्लाबा ने अमेलिया केर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अमेलिया केर ने 28 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 30 रन बनाये। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रुक हॉलिडे (दो) रनआउट हुई। मैडी ग्रीन ने सोफी डिवाइन के साथ पांचवें विकेट के लिए 84 रनों की अविजित साझेदारी कर अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिला दी। सोफी डिवाइन ने 38 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 55 रनों की पारी खेली। वहीं मैडी ग्रीन ने 25 गेंदों में दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 34 रन बनाये।

दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के लिए एनेरी डर्कसेन, अयंदा ह्लुबी और एन म्लाबा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 149 रनों का स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र नौ रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये। ताजमिन ब्रिट्स (शून्य) और सुने लुस (तीन) रन बनाकर आउट हुई। कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने टीम के लिए सर्वाधिक 37 रन बनाये। इसके अलावा एनेरी डर्कसेन ने 18 गेंदों में (27) और क्लोई ट्रायोन (15) रन बनाकर आउट हुई। कायला रेनेके ने 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 34 रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित