भिण्ड , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में घरेलू विवाद के मामले में पति की जमानत कराने ग्वालियर से आए अधिवक्ता पर सोमवार शाम न्यायालय के मुख्य गेट के बाहर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि जमानत होने से नाराज ससुरालीजनों ने उन्हें घेरकर डंडे और पत्थरों से मारपीट की। इस दौरान जमानतदार महिला की सोने की चेन और उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये गायब होने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार अटेर रोड स्थित कृष्णा नगर निवासी एक परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है। इसी मामले में पत्नी की ओर से पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट तथा दहेज प्रताड़ना की धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया गया था। मामले में आरोपी देवेंद्र गोस्वामी की जमानत कराने के लिए ग्वालियर से अधिवक्ता योगेश गोस्वामी भिण्ड आए थे। न्यायालय से जमानत होने के बाद शाम को अधिवक्ता योगेश गोस्वामी, जमानतदार जितेंद्र गोस्वामी और नीलम गोस्वामी के साथ न्यायालय के मुख्य गेट से बाहर निकले।

बताया गया है कि न्यायालय परिसर से बाहर बायपास हाईवे की ओर पहुंचते ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। अधिवक्ता का आरोप है कि उमेश गोस्वामी, नरेश गोस्वामी, रवि, लौंश्री, संजू देवी और शिवानी सहित अन्य लोग डंडे और पत्थर लेकर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उन पर हमला किया और वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

अधिवक्ता ने पुलिस को दिए शिकायत आवेदन में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जमानतदार नीलम गोस्वामी की सोने की चेन भी गायब हो गई तथा उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये भी नहीं मिले। घटना के बाद वह भिण्ड देहात थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद भिण्ड बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनीत मिश्रा अधिवक्ता के साथ थाने पहुंचे और उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। अधिवक्ता और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी रात तक थाने में मौजूद रहे।

भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस न्यायालय के बाहर हुई मारपीट की वजह, हमले में शामिल लोगों तथा चेन और रुपये गायब होने के आरोपों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित