ग्वालियर , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में 78 वर्षीय एक वृद्ध की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद हजीरा थाना पुलिस ने उनके पुत्र, पुत्री और दामाद के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की कोशिश, धमकी और कथित धोखाधड़ी कर संपत्ति अपने नाम कराने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हजीरा थाना क्षेत्र के चार शहर का नाका स्थित पहलवान डेयरी के पास रहने वाले 78 वर्षीय शिवचरण लाल कुशवाह ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी, पुत्र राधाकृष्ण उर्फ छुन्नू कुशवाह, पुत्री सुनीता कुमारी उर्फ बाली तथा दामाद धर्मेंद्र काफी समय से उन पर मकान अपने नाम करने का दबाव बना रहे थे।
शिकायत के अनुसार 17 दिसंबर 2025 को बातचीत के बहाने उन्हें और उनकी पत्नी को कमरे में बुलाया गया, जहां उनके पुत्र ने कथित रूप से उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे नाती के सामने भी उनके साथ बेल्ट से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
वृद्ध ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पुत्री और दामाद ने धोखे से उनके मकान का बैनामा अपने नाम करा लिया। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उन्हें उनके ही घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने डायल-112, हजीरा थाना और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया मामले में मारपीट, धमकी और कथित धोखाधड़ी के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए हजीरा थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश के पालन में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित