मुरैना , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा गांव में न्यायालय के आदेश पर एक परिवार को मकान से बेदखल किए जाने के बाद मंगलवार को हंगामे की स्थिति बन गई। कार्रवाई के विरोध में पीड़ित परिवार ने घरेलू सामान सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुड़ियाखेड़ा निवासी लक्ष्मी अपने परिवार के साथ लंबे समय से संबंधित मकान में रह रही थीं। परिजनों का दावा है कि उनका परिवार लगभग 100 वर्षों से इस मकान में निवास कर रहा था और उनकी तीन पीढ़ियां यहीं पली-बढ़ी हैं। कुछ समय पूर्व पड़ोसी परिवार के साथ भूमि विवाद न्यायालय पहुंचा था। न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार को स्टेशन रोड थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और बेदखली की कार्रवाई की।
कार्रवाई के बाद आक्रोशित परिवार ने पलंग, बर्तन, संदूक सहित गृहस्थी का सामान सड़क पर रख दिया और वहीं धरने पर बैठ गया। इसके कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं तथा कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात बहाल कराया। पीड़ित परिवार की सदस्य लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से उक्त मकान में रह रहा था और अचानक बेदखल कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित