धार , जुलाई 01 -- मध्यप्रदेश के धार शहर स्थित हटवाड़ा के सरकारी इमामबाड़े को आज न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने पुन: सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ताजिया कमेटी ने इमामबाड़े का कब्जा प्रशासन को सौंपते हुए चाबी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सौंप दी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इंदौर उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में दोपहर को यह कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मोहर्रम के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के लिए न्यायालय ने निर्धारित अवधि तक इमामबाड़ा ताजिया कमेटी को उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी। अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने पुन: इसका कब्जा अपने नियंत्रण में ले लिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इमामबाड़ा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया तथा पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की गई है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित