नैनीताल , सितंबर 23 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश होंगे।
उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने आज हुई बैठक में उन्हें उत्तराखंड उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय वर्तमान में उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं।
न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय का पैतृक संबंध अल्मोड़ा जिले की सल्ट तहसील से है। उनका जन्म 12 दिसंबर 1972 को हुआ था। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और एमएसडब्ल्यू की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1998 में उन्होंने वकालत शुरू की।
उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ और उत्तराखंड राज्य गठन के बाद नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय में सिविल, संवैधानिक तथा सेवा मामलों में लंबे समय तक पैरवी की।
इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्य स्थायी वकील समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभालीं। लंबे न्यायिक अनुभव के बाद न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय ने 30 मई 2025 को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित