जयपुर , सितम्बर 06 -- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियां पांच सितंबर को जारी अधिसूचना के जरिए की गई हैं।

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 31 अगस्त को न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने और न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार की मंजूरी और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है।

न्यायमूर्ति अग्रवाल उच्च न्यायालय के 44वें नियमित मुख्य न्यायाधीश होंगे। उनका जन्म 15 जुलाई 1965 को रतनपुर, बिलासपुर में हुआ था। उन्होंने तीन जनवरी 1989 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। वह दीवानी, संवैधानिक और अन्य कानूनी मामलों में लंबे समय तक वकालत कर चुके हैं। वह छत्तीसगढ़ के उप एडवोकेट जनरल और बाद में एडवोकेट जनरल भी रहे। 16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और आठ मार्च 2016 को वह स्थायी न्यायाधीश बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित