गरियाबंद , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली आपूर्ति में सुधार, पेंशन एवं आवास योजनाओं के लाभ सहित विभिन्न जनहित और किसान हितैषी मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान सहकारी समिति का घेराव करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सेक्टर एवं बूथ अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जबकि लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता एवं बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। साथ ही गरियाबंद जिले में कथित अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित